Noida News : महेश शर्मा और पंकज सिंह ने किया वाटर ATM और सीवेज प्रोजेक्ट का उद्घाटन।

Noida : नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग द्वारा शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से आज दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से हरौला में वाटर ए.टी.एम. और सेक्टर-44 में नवनिर्मित सीवेज सम्पवैल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी (के.एस.), महाप्रबन्धक (जल) और HDFC बैंक के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ‘स्वच्छ नोएडा-स्वस्थ नोएडा’ की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

शुद्ध पेयजल की सौगात!

HDFC बैंक के सीएसआर (CSR) फंड के सहयोग से ग्राम-हरौला (सेक्टर-4/5) के समीप एक अत्याधुनिक वाटर ए.टी.एम. स्थापित किया गया है और इसकी क्षमता 1200 लीटर प्रति घंटा है। पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इसमें UV सिस्टम, ओजोनेटर, सैंड फिल्ट्रेशन, कार्बन फिल्ट्रेशन और रिवर्स ऑस्मोसिस (R.O.) जैसी 7-स्तरीय शुद्धिकरण तकनीक का प्रयोग किया गया है और आम जनता को शीतल और शुद्ध पेयजल नि:शुल्क मिलेगा। इसके लिए ऑटोमैटिक कार्ड ऑपरेटेड वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं (20 लीटर और 1 लीटर प्रति कार्ड क्षमता) और यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 7 से 12 बजे और शाम 5 से 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी। नोएडा में अब तक ऐसे 9 वाटर ए.टी.एम. जनता को समर्पित किए जा चुके हैं।

सीवेज समस्या से मुक्ति: सेक्टर-44 में 10 MLD सम्पवैल शुरू-?

बढ़ती आबादी और सीवेज की समस्या के स्थाई समाधान हेतु ग्राम छलेरा और सेक्टर-44 (ब्लॉक ए, बी, सी व सोसायटियों) के लिए 419.92 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए सम्पवैल का लोकार्पण किया गया और 10 MLD क्षमता वाला यह सम्पवैल उत्सर्जित सीवेज को राइजिंगमेन के माध्यम से सीधे सेक्टर-168 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तक पहुंचाएगा और इस परियोजना से न केवल वर्तमान निवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि भविष्य में जनसंख्या बढ़ने पर भी सीवेज ओवरफ्लो जैसी समस्याएं उत्पन्न नहीं होंगी।