:- क्रूज शिप पर नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले ‘Sea Zone’ कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार।
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
Noida: थाना सेक्टर-63 पुलिस और साइबर टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सेक्टर-63 के H-90 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ‘Sea Zone Recruitment and Training’ नामक फर्जी कंपनी चलाकर आम जनता को क्रूज शिप पर नौकरी, मेडिकल फिटनेस, वर्क ऑर्डर और वीजा दिलाने के नाम पर ठगने वाले 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नितिन कुमार पुत्र ओमप्रकाश,विरेन्द्र कुमार पुत्र रामबहादुर, अमन कुमार पुत्र रामकुमार,सचिन कुमार पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है और पुलिस ने इनके कब्जे से 04 लैपटॉप और 11 मोबाइल फोन,09 विभिन्न बैंकों के डेबिट कार्ड और 12,000/- रुपये नकद,09 फर्जी ऑफिशियल ऑफर लेटर और 03 सेट ठगी के लिए तैयार की गई स्क्रिप्ट (पिच) और मेडिकल सर्टिफिकेट, रेफरल लेटर और 06 वर्क कैंडिडेट कॉलिंग लिस्ट सहित विभिन्न समान बरामद किया है।
ठगी का तरीका!
पूछताछ में पता चला कि ये आरोपी सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम) के माध्यम से अपनी फर्जी फर्म का प्रचार करते थे। बेरोजगार युवाओं को जाल में फंसाकर ये मेडिकल चेकअप के नाम पर 10,000 रुपये, ट्रेनिंग के नाम पर 45,000 रुपये और वीजा व वर्क ऑर्डर दिलाने के नाम पर 25,000 रुपये किस्तों में वसूलते थे। पैसा मिलने के बाद आरोपी अपने फोन बंद कर देते थे और ऑफिस का ठिकाना बदल लेते थे। पुलिस के अनुसार, इनके पास कोई जीएसटी नंबर भी नहीं था और ठगी की रकम ये अपने निजी बैंक खातों में मंगवाते थे।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा ने क्या कुछ बताया!
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा, आर.के. गौतम ने बताया कि थाना सेक्टर-63 और हमारी साइबर टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे गैंग को पकड़ा है जो युवाओं को विदेश में क्रूज पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था। ये लोग ‘Sea Zone Recruitment’ नाम से एक फर्जी ऑफिस चला रहे थे। ये सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर लड़कों और लड़कियों को आकर्षित करते थे और फिर मेडिकल, ट्रेनिंग और वीजा के नाम पर उनसे मोटी रकम ऐंठते थे। अब तक की जांच में इनसे 4 लैपटॉप और 11 मोबाइल बरामद हुए हैं जिनमें ठगी का डेटा मिला है। गिरफ्तार किए गए चारों अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। हम जनता से अपील करते हैं कि किसी भी अनधिकृत एजेंसी को नौकरी के नाम पर पैसा न दें।”