Noida News : SPEL–3.0 का आगाज़, नोएडा में छात्र सीख रहे पुलिसिंग की असली पाठशाला

✍️ योगेश राणा

:- पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की पहल, युवाओं को मिला व्यवहारिक पुलिस प्रशिक्षण।

न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा SPEL–3.0 (Students Police Experiential Learning Programme) की प्रभावशाली शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें पुलिसिंग की वास्तविक कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और चुनौतियों से सीधे रूबरू कराना है। यह पहल न केवल पुलिस और आमजन के बीच विश्वास व संवाद को मजबूत करेगी, बल्कि युवाओं में कानून के प्रति सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करेगी।

पुलिस की कार्यप्रणाली से छात्र-छात्राओं को कराया रूबरूं


इस कार्यक्रम में गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, सम्राट मिहिर भोज डिग्री कॉलेज (दादरी) और कुमारी मायावती डिग्री कॉलेज (बादलपुर) के छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों को कमिश्नरेट के प्रमुख थानों सूरजपुर, दादरी, ईकोटेक–1, कासना और बादलपुर में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जहां वे पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ रहे हैं।
SPEL–3.0 के तहत छात्रों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) जैसे नए आपराधिक कानूनों की गहन जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही थाना कार्यालय के दैनिक कार्य, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, यातायात नियमों का पालन, साइबर सुरक्षा और महिला अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

यह कार्यक्रम विभिन्न थानों में पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार संचालित किया जा रहा है, जिसकी कुल अवधि लगभग 120 घंटे की है। SPEL–3.0 के माध्यम से छात्रों को न केवल पुलिसिंग के व्यावहारिक पहलुओं की समझ मिलेगी, बल्कि वे एक जिम्मेदार, कानून-सम्मत और जागरूक नागरिक के रूप में समाज में अपनी भूमिका को भी बेहतर ढंग से निभा सकेंगे।