:- नवरात्रि समापन पर कन्याओं का पूजन, भोजन और उपहार देकर सम्मान—समाज में समानता और समावेश का संदेश
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
नवरात्रि के नौ दिनों तक चले व्रत, पूजा और उपवास के समापन के अवसर पर नोएडा स्थित फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल करते हुए पहली बार “माँ की चौकी” के साथ भव्य कंजक सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस आयोजन में छोटी-छोटी कन्याओं को श्रद्धा और भक्ति के साथ आमंत्रित कर उनका विधिवत पूजन किया गया तथा उन्हें स्वादिष्ट भोजन कराया गया। इसके साथ ही फाउंडेशन की ओर से कन्याओं को वस्त्र और आकर्षक उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में समानता, सम्मान और समावेश की भावना को मजबूत करना रहा। आयोजन के दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि यह पहल केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में हर व्यक्ति को समान सम्मान देने का एक संदेश भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने और एक सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. सुष्मिता भाटी, डॉ. भावना आनंद, कृष्णा यादव, इलिका रावत, अभिनव प्रताप सिंह और सुरभी जैन सहित फाउंडेशन के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। वक्ताओं ने कहा कि कन्याओं का सम्मान भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जिसे आगे बढ़ाना हर नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में शामिल सभी सदस्यों ने यह संकल्प भी लिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक और धार्मिक आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि समाज में प्रेम, समानता और भाईचारे की भावना को और अधिक सशक्त किया जा सके।