:- प्रशासनिक तालमेल : DM मेधा रूपम और ADM अंजलि श्रोत्रिय की अध्यक्षता में राजस्व और वायुसेना अधिकारियों की बड़ी बैठक।
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
Noida : उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर और हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि सीमांकन और नामांतरण (दाखिल-खारिज) के मुद्दों को सुलझाने के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम एवं एडीएम फरीदाबाद अंजलि श्रोत्रिय (IAS) ने संयुक्त रूप से की। बता दें बैठक में निर्णय लिया गया कि सीमा विवाद को खत्म करने के लिए टॉपोग्राफी सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए दोनों जिलों के राजस्व अधिकारियों की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। यह टीम टीएसएम (Total Station Method) जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग कर भूमि की सटीक पैमाइश और पहचान करेगी और इस मामले में भारतीय रक्षा मंत्रालय (भारतीय वायुसेना के तिलपत रेंज से संबंधित) की भूमिका को देखते हुए, रक्षा संपदा अधिकारी, नई दिल्ली से तकनीकी सहयोग और सर्वेयर टीम बुलाई जाएगी। बैठक में मौजूद ग्रुप कैप्टन निशांत शर्मा (स्टेशन कमांडेंट, तिलपत) ने भी इस प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
15 दिन की समय सीमा?
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पूरी प्रक्रिया में किसानों का हित सर्वोपरि रखा जाएगा ताकि उन्हें अपनी भूमि के मालिकाना हक या खेती में कोई समस्या न आए। गठित संयुक्त टीम को अगले 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं और बैठक में ग्रुप कैप्टन निशांत शर्मा, बच्चू सिंह (ADM LA, गौतमबुद्धनगर), प्रियंका (ADM Judicial, गौतमबुद्धनगर), चारूल यादव (सहायक अभिलेख अधिकारी), विकास सिंह (DRO, फरीदाबाद), सुमेर सिंह (तहसीलदार, फरीदाबाद) और राजेश (सदर कानूनगो, फरीदाबाद) सहित अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी उपस्थित रहे।