ग्रेटर नोएडा: रबूपुरा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से शातिर अपराधी ‘संजू’ गिरफ्तार

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

Noida : गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आज थाना रबूपुरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कार्गाे टी पॉइंट पर चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। बता दें कि दिनांक 07.04.2026 को थाना रबूपुरा पुलिस की टीम कार्गाे टी पॉइंट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम ने संदेह होने पर पीछा किया, तो खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा और पकड़े गए अभियुक्त की पहचान संजू पुत्र रुक्का उर्फ लुक्का, निवासी शेखपुर, थाना चांदहट, जिला पलवल (हरियाणा), उम्र लगभग 32 वर्ष के रूप में हुई है और पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक खोखा कारतूस (नाल में फंसा हुआ), एक जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है‌।

अपराधिक इतिहास और वांछित मामले!

पूछताछ में सामने आया कि संजू एक शातिर अपराधी है और थाना रबूपुरा पर दर्ज तीन गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था और पुलिस प्रशासन ने बताया कि घायल अभियुक्त का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसके अन्य आपराधिक संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।

एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने मुठभेड़ के बारे में क्या कुछ बताया!

एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि आज दिनांक 07 अप्रैल को थाना रबूपुरा पुलिस कार्गो टी-पॉइंट पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, जिसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में अभियुक्त संजू, जो कि पलवल (हरियाणा) का रहने वाला है, घायल हुआ है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि यह शातिर अपराधी है और गोवध निवारण अधिनियम व अन्य गंभीर धाराओं में वांछित था। इसके पास से चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद हुए हैं। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”