October 25, 2026

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में फिर भड़का आक्रोश: गेट पर भारी हंगामा, डिलीवरी बॉय और मेड की एंट्री रोकने पर बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी

1003328594_11zon

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में मेड और डिलीवरी बॉय की एंट्री रोकने के आरोप पर निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। मुख्य गेट पर हंगामा और नारेबाजी के बीच लोगों ने मेंटेनेंस व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं पर सवाल उठाए। आखिर क्या है पूरा मामला? जानिए पूरी खबर।

✍️ योगेश राणा |

News Diary Today | Greater Noida News

ग्रेटर नोएडा न्यूज़ | ग्रेटर नोएडा वेस्ट (बिसरख कोतवाली क्षेत्र) की अजनारा होम्स सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं और मेंटेनेंस को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर गहरा गया है। ताजा घटनाक्रम में, सोसायटी के बिल्डर प्रबंधन द्वारा परिसर में आने वाले विजिटर्स, डिलीवरी बॉय, घरेलू सहायिकाओं (मेड) और अन्य जरूरी कामगारों (जैसे इलेक्ट्रिशियन व कारपेंटर) की एंट्री रोकने और उन्हें गेट पर घंटों इंतजार कराने का गंभीर आरोप लगा है। इस ‘तानाशाही’ रवैये से तंग आकर आक्रोशित निवासियों ने मुख्य गेट पर इकट्ठा होकर जमकर हंगामा और नारेबाजी की। बता दें कि नोएडा एक्सटेंशन की हाई-राइज सोसायटियों में मेंटेनेंस और सुरक्षा को लेकर अक्सर विवाद सामने आते रहते हैं, लेकिन अजनारा होम्स में स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है। सोमवार शाम करीब 6 बजे सोसायटी का मुख्य गेट एक बड़े अखाड़े में तब्दील हो गया। दफ्तरों से लौट रहे निवासियों को जब पता चला कि उनके घरों में काम करने वाली मेड, ऑनलाइन डिलीवरी बॉय और जरूरी मैकेनिकों को सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर ही रोक रखा है, तो उनका धैर्य जवाब दे गया। देखते ही देखते सैकड़ों निवासी मुख्य गेट पर जमा हो गए और बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि पिछले दो-तीन महीनों से उन्हें पीने का साफ पानी, सुचारू लिफ्ट व्यवस्था और बुनियादी मेंटेनेंस जैसी आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यहां तक कि पानी की टंकियों की सफाई न होने, लिफ्ट बार-बार बीच में अटकने (जिसमें हाल ही में बच्चे व बुजुर्ग भी फंसे थे) और घरों से कूड़ा न उठने जैसी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं।सुविधाओं की इसी बदहाली से नाराज होकर कई फ्लैट मालिकों ने मेंटेनेंस चार्ज देना बंद कर दिया था। निवासियों के मुताबिक, प्रबंधन अब इसी बात का बदला लेने और निवासियों पर दबाव बनाने के लिए आवश्यक सेवाओं और बाहरी लोगों की आवाजाही को प्रभावित कर रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

घंटों चला हंगामा, प्रशासन से दखल की मांग?

गेट पर हुए इस भारी हंगामे के कारण मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह ब्लॉक हो गया, जिससे गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। निवासियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि, “जब सुविधाएं नहीं मिल रहीं, तो मेंटेनेंस शुल्क किस बात का दें? और इसका बदला हमारी जरूरी सेवाओं को रोककर क्यों लिया जा रहा है?” कई घंटों के तीखे गतिरोध और निवासियों के एकजुट विरोध के बाद प्रबंधन को पीछे हटना पड़ा और कामगारों की एंट्री को सामान्य किया जा सका।सोसायटी के लोग अब इस मेंटेनेंस टीम को तुरंत हटाकर पूरी जिम्मेदारी अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) को सौंपने और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण से बिल्डर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.

You may have missed