बिसरख थाना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग से मचा हड़कंप, 18 वर्षीय युवक को लगी गोली।

✍️ योगेश राणा

न्यूज़ डायरी टुडे, ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में 18 फरवरी 2026 की रात एक सगाई समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक वेटर गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। बता दें कि यह घटना बिसरख गांव के निवासी अंकित भाटी के घर पर आयोजित सगाई कार्यक्रम में हुई और घायल युवक की पहचान पुष्पेंद्र सिंह(18 वर्ष)के रूप में हुई है,जो गाजियाबाद के विजयनगर का रहने वाला है और समारोह में वेटर का काम कर रहा था।

क्या रही घटना की वजह:

समारोह में मौजूद कुछ युवक शराब के नशे में तस्वीरें खिंचवा रहे थे। उन्होंने पुष्पेंद्र को फोटो खींचने के लिए कहा, लेकिन उसके मना करने या आगे न आने पर कथित तौर पर जोश में आकर फायरिंग कर दी गई और गोली पुष्पेंद्र के पेट में लगी, जिसके बाद उसे तुरंत ग्रेटर नोएडा वेस्ट के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने क्या कुछ बताया:

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है और सीसीटीवी फुटेज व वायरल वीडियो के आधार पर एक आरोपी को हिरासत में लिया है और एडीसीपी आर.के. गौतम ने पुष्टि की है कि मामले की जांच जारी है और घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।