✍️ योगेश राणा
:- CM योगी का नोएडा दौरा: जानिए क्या है आज का पूरा कार्यक्रम अपडेट।
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
गौतम बुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री आज दोपहर बाद हवाई मार्ग से नोएडा पहुँच रहे हैं। उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और पुलिस अधिकारियों व जवानों को विशेष ब्रीफिंग दी गई है। मुख्यमंत्री यहां एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके बाद वे गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। नोएडा पुलिस द्वारा नोएडा एक्सप्रेसवे, डीएनडी फ्लाईवे, प्रमुख चौराहों और वीआईपी मूवमेंट वाले क्षेत्रों में अल्पकालिक यातायात प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। आम जनता से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
इसी बीच प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 फरवरी 2026 को एक बार फिर गौतम बुद्ध नगर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-28 में प्रस्तावित HCL-Foxconn की ₹3,706 करोड़ की सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई का शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना प्रदेश को सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही यह संकेत दे चुके हैं कि जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है और इसके उद्घाटन की संभावना फरवरी 2026 में ही है। प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
CM योगी नोएडा दौरा – मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 2:00 बजे 5, कालिदास मार्ग, लखनऊ से कार द्वारा अमौसी एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।
:- 2:40 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद 2:45 बजे राजकीय वायुयान से हिंडन एयरपोर्ट, गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे।
:- 3:15 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंचने के पश्चात 3:20 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से नोएडा के लिए उड़ान भरेंगे।
:- लगभग 3:40 बजे उनका हेलीकॉप्टर नोएडा के सेक्टर-38 स्थित बोटेनिकल गार्डन हेलीपैड पर उतरेगा।
:- यहां से 3:45 बजे कार द्वारा सेक्टर-29 के लिए प्रस्थान करेंगे।
:- इसके बाद 4:10 बजे वे पुनः प्रस्थान कर 4:15 बजे सेक्टर-38 हेलीपैड पहुंचेंगे।
:- 4:20 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और 4:40 बजे हिंडन पहुंचेंगे।
:- वहां से 4:45 बजे राजकीय वायुयान द्वारा लखनऊ के लिए प्रस्थान कर 5:35 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है।
:- 5:40 बजे कार द्वारा 5, कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास लौटेंगे।