:- डीएम मेधा रूपम का गैस एजेंसी पर औचक छापा : अव्यवस्थाओं पर भड़कीं जिलाधिकारी, सुरक्षा और पारदर्शिता के कड़े निर्देश
Noida : जिलाधिकारी ने आज तहसील सदर के ग्राम घंघोला स्थित शिव साईं एचपी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने गैस सिलेंडरों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया और उनकी क्षमता व संख्या की गहन जांच की। बता दें कि निरीक्षण के दौरान गोदाम प्रभारी के देरी से पहुँचने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एजेंसी के विभिन्न रजिस्टरों के रखरखाव का परीक्षण किया और स्टाफ की उपस्थिति व कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही, सिलेंडरों के परिवहन में लगे ट्रकों की जांच कर मानकों के अनुपालन की स्थिति देखी और सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल न मिलने पर जिलाधिकारी ने चौकी इंचार्ज को तत्काल निर्देश दिए कि एजेंसी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और निरंतर निगरानी रखी जाए और निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों और प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी पंजिकाओं (रजिस्टरों) को सुरक्षित रखा जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, गैस एजेंसी के प्रबंधक और अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
औचक निरीक्षण के दौरान डीएम नोएडा ने क्या कुछ कहा!
डीएम मेधा रूपम ने बताया कि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, सुरक्षा और उपभोक्ताओं की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान गोदाम प्रभारी की अनुपस्थिति और व्यवस्थाओं में जो कमियाँ पाई गई हैं, उन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। एजेंसी प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि सभी वितरण पंजिकाएं सुरक्षित और अपडेटेड रहें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि आम जनता को गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।”