नोएडा में अनोखी पहल : बुके नहीं, बुक दें—जरूरतमंद छात्रों को मिलेंगी मुफ्त किताबें।

✍️ योगेश राणा।

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

नोएडा : शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहयोग और जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करते हुए नोएडा लोकमंच ने एक सराहनीय पहल की शुरुआत की है। “बुके नहीं, बुक दें उपहार में” अभियान के तहत पुरानी पाठ्यपुस्तकों का दान किया जा रहा है, जिससे नए शैक्षणिक सत्र से पहले ही जरूरतमंद विद्यार्थियों को किताबें उपलब्ध कराई जा सकें। इस पहल का उद्देश्य उन छात्रों की मदद करना है, जिन्हें हर साल नई किताबें खरीदने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

यह पुस्तक दान अभियान नोएडा के सेक्टर-15 स्थित पब्लिक लाइब्रेरी में रविवार, 29 मार्च को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिक, अभिभावक और विद्यार्थी अपनी पुरानी पाठ्यपुस्तकें दान कर सकते हैं।

संस्था ने विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं के उन विद्यार्थियों से अपील की है, जिन्होंने हाल ही में अपनी बोर्ड परीक्षाएं दी हैं। उनसे आग्रह किया गया है कि वे अपनी उपयोग की जा चुकी किताबें दान कर इस नेक कार्य में भागीदार बनें, ताकि ये पुस्तकें आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों तक पहुंचाई जा सकें।

नोएडा लोकमंच का मानना है कि यह पहल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देगी, बल्कि समाज में ज्ञान के आदान-प्रदान की भावना को भी मजबूत करेगी। यह अभियान उन छात्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा, जिन्हें हर नए सत्र में किताबों के लिए इंतजार करना पड़ता है।

इस अभियान को लेकर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में रहने वाले लोग भी काफी उत्साहित हैं। निवासी अपने सोसाइटी ग्रुप्स और सोशल मीडिया के माध्यम से इस पहल को व्यापक स्तर पर साझा कर रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी निभा सकें।