✍️ योगेश राणा
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) महिला प्रकोष्ठ द्वारा आगामी 1 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले महिला अधिवेशन को प्रभावी और सफल बनाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को नोएडा मीडिया क्लब में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रेटर नोएडा स्थित अवध ग्रीन्स में होने वाले अधिवेशन की तैयारियों, उद्देश्य और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने इसे संगठन, संघर्ष और नेतृत्व के समन्वय का प्रतीक बताते हुए महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता को नई दिशा देने वाला आयोजन बताया।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि महिला अधिवेशन की संयोजिका सोनिका आनंद (राष्ट्रीय सचिव—महिला प्रकोष्ठ, प्रदेश प्रभारी—दिल्ली एवं पूर्व प्रभारी—राजस्थान) हैं, जो लंबे समय से महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करेगा और महिलाओं को निर्णायक भूमिका में स्थापित करने का सशक्त मंच प्रदान करेगा।
महिला अधिवेशन में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री माननीय जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ चारू चौधरी और राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष इंदिरा कपिलावे की उपस्थिति भी रहेगी। कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी ऋचा सिंह, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कमलेश सहरावत, उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह तथा तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष नेल्लुतला प्रसंथी सहित देश के 14 राज्यों की महिला कार्यकारिणी की पदाधिकारी भाग लेंगी। हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के अधिवेशन में पहुँचने की संभावना जताई गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी, राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर प्रभारी श्री विनय प्रधान, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश मलिक, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष जोगिन्दर सिंह अवाना, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र मछरौली और प्रदेश संगठन महासचिव नरेंद्र छिक्कारा की उपस्थिति भी संगठनात्मक मजबूती का संदेश देगी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ऋचा सिंह ने कहा कि महिला अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को राजनीतिक रूप से जागरूक करना, संगठन में उनकी भागीदारी बढ़ाना और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक सहभागिता को लेकर निरंतर संघर्ष कर रहा है और यह अधिवेशन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष जोगिन्दर सिंह अवाना ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल महिलाओं को संगठन और समाज में सम्मानजनक एवं निर्णायक भूमिका देने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला अधिवेशन पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन को नई ऊर्जा देने का कार्य करेगा।
गौतम बुद्ध नगर महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष श्रीमती रूबी जादों ने बताया कि जिले के प्रत्येक गाँव से महिलाएँ अधिवेशन में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर राष्ट्रीय लोकदल के लिए एक महत्वपूर्ण और प्रिय क्षेत्र है तथा पार्टी की पूरी कोशिश है कि इस जिले को संगठन का मजबूत आधार बनाया जाए।
प्रेस वार्ता के अंत में महिला नेत्री दीपमाला ने कहा कि इस अधिवेशन के माध्यम से महिलाओं को नेतृत्व के नए अवसर मिलेंगे और संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं से आगे आकर पार्टी और समाज में अपनी भूमिका को मजबूती से निभाने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता में इंद्राणी त्यागी, अनुपम कुमारी, शिखा भटनागर सहित कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।