✍️ योगेश राणा।
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र से अपना दल के विधायक विनय वर्मा की माता सुशीला देवी का सोमवार 26 जनवरी 2026 की रात निधन हो गया और इस दुखद समाचार के बाद सिद्धार्थनगर और नोएडा के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने विधायक के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। बता दें कि सुशीला जी ने अंतिम सांस नोएडा के कैलाश अस्पताल में ली। वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं और उनका अंतिम संस्कार नोएडा में स्थित अंतिम निवास नोएडा सेक्टर 94 में किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर लिखा भावुक करने वाला संदेश!
इस दुखद समाचार की जानकारी स्वयं विधायक विनय वर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि जब यह घटना हुई, तब वे अपनी विधानसभा शोहरतगढ़ में थे और वहां से दिल्ली के लिए निकल रहे थे। उन्होंने लिखा—“मेरे हाथ काँप रहे हैं यह लिखते हुए, लेकिन विधाता को शायद यही मंजूर था। मेरी दुनिया, मेरा अस्तित्व, मेरी मम्मी (माँ) नहीं रहीं। माँ अचानक हम सबको छोड़कर दूसरे लोक को प्रस्थान कर गईं। मेरी जिंदगी का यह खालीपन कैसे भरेगा, मुझे नहीं पता। यह मेरे जीवन की सबसे कठिन परीक्षा है।”
माँ को बताया जीवन की सबसे बड़ी ताकत
अपने संदेश में विधायक ने आगे लिखा कि उनकी माँ ही उनका सबकुछ थीं और उन्हीं के आशीर्वाद व संबल से उन्होंने जीवन की हर लड़ाई लड़ी। “मेरी माँ ने ही मुझे विधायक बनाया। हर पल मुझे उनका सहारा मिला। उनके आशीर्वाद के बल पर मैं जीवन की हर लड़ाई जीतता रहा, लेकिन आज विधाता की इच्छा के आगे हार गया,”—यह पंक्तियां सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही हैं।
संवेदनाओं का तांता
सुशीला देवी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।