अब कागजी कार्रवाई नहीं, सड़क सुरक्षा के लिए जमीनी कार्रवाई होगी : डॉ. महेश शर्मा।

गौतमबुद्धनगर सड़क सुरक्षा को लेकर निर्णायक कदम, सांसद महेश शर्मा की अध्यक्षता में बैठक

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में सांसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति (MP-RSC) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर कई निर्णायक फैसले लिए गए। बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए केवल कागजी योजनाएं नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी और दूरगामी कदम उठाए जाने चाहिए।


उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गौतमबुद्धनगर को “जीरो फैटालिटी” (शून्य मृत्यु दर) जिला बनाना प्राथमिक लक्ष्य है। इसके लिए ओवरस्पीडिंग और ड्रंकन ड्राइविंग पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सांसद ने कहा कि सड़क सुरक्षा को केवल प्रशासनिक नियम न मानकर, हर परिवार की सुरक्षा से जुड़ा विषय समझते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
बैठक में यातायात नियमों के कड़ाई से पालन और नागरिकों की सुरक्षा के लिए AI-आधारित निगरानी प्रणालियों को लागू करने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही जिले के उन संवेदनशील स्थानों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर उन्हें शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए गए, जहां सड़क दुर्घटनाएं अधिक होती हैं।


सांसद ने यह भी कहा कि आम नागरिकों, विशेषकर ई-रिक्शा चालकों और महिलाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सड़क सुरक्षा को एक अभियान के रूप में लेकर प्रशासन, पुलिस और समाज—तीनों की सहभागिता से गौतमबुद्धनगर को सुरक्षित जिला बनाया जाए।

इस बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहे

इस बैठक में सांसद लोकसभा गौतमबुद्धनगर डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा सतीश पाल, डीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सियाराम वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कंचन सहित नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।