वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,जेवर को मिला ₹3700 करोड़ का सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट।
न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर(जेवर) में 21 फरवरी 2026 को भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड (HCL-फॉक्सकॉन संयुक्त उद्यम) की ‘आउटसोर्स सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट’ (OSAT) इकाई का शिलान्यास किया गया। बता दें कि इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यक्तिगत रूप से ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-28 में मौजूद रहे और यह परियोजना HCL ग्रुप और ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन (Hon Hai Precision Industry) का 60:40 का संयुक्त उद्यम है। कंपनी ने इस अत्याधुनिक संयंत्र में ₹3,700 करोड़ से अधिक के निवेश का संकल्प लिया है और यह इकाई हर महीने 20,000 वेफर्स को प्रोसेस करने की क्षमता रखेगी। यहाँ मुख्य रूप से डिस्प्ले ड्राइवर चिप्स(DDICs)का निर्माण होगा,जिनका उपयोग स्मार्टफोन,लैपटॉप, टीवी और ऑटोमोबाइल डिस्प्ले में किया जाता है और इस परियोजना से लगभग 3,500 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है और इस उन्नत OSAT सुविधा के 2028 तक चालू होने की संभावना है।

आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम!
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह परियोजना भारत को सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है। यह इकाई “मेक इन इंडिया” पहल को सशक्त करेगी और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के लिए भारत को एक विश्वसनीय वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करेगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। यह संयंत्र जेवर में आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 48 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है।