दिल्ली में आयोजित समारोह में समाजसेवियों को मिला राष्ट्रीय सम्मान।

नोएडा के युवा क्रांति सेना और नोवरा को मिला “राष्ट्रीयहित अटल सेवा सम्मान पुरस्कार 2026”

न्यूज़ डायरी टुडे,नई दिल्ली।

दिल्ली एलटीजी ऑडिटोरियम में “राष्ट्रीयहित अटल सेवा सम्मान पुरस्कार 2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस समारोह में देशभर के उत्कृष्ट समाजसेवियों और संगठनों को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कवयित्री शालिनी सिंह रहीं। विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रघुराज सिंह, पटपड़गंज के विधायक रविंदर नेगी, संत समाज के पूज्य स्वामी योगी सत्यनाथ महाराज तथा बॉलीवुड अभिनेता अली खान की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह संपूर्ण आयोजन सरजू फाउंडेशन के तत्वावधान में संस्था के संस्थापक विनोद चौहान के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नोएडा से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संगठनों को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ। युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह, नोवरा के अध्यक्ष डॉ रंजन तोमर तथा समाजसेवी अजय चौहान को उनके निरंतर सामाजिक योगदान, जनसेवा, युवा जागरूकता अभियानों एवं समाजहित के कार्यों के लिए “राष्ट्रीयहित अटल सेवा सम्मान पुरस्कार 2026” से अलंकृत किया गया।


मुख्य अतिथि शालिनी सिंह ने कहा, देश का भविष्य उन युवाओं के हाथों में सुरक्षित है जो समाजहित को सर्वोपरि मानते हैं। युवा क्रांति सेना और नोवरा जैसे संगठन आज के भारत की सच्ची ताकत हैं। ऐसे प्रयासों से ही ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना साकार होती है।
युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा, हमारा उद्देश्य राष्ट्रहित, सामाजिक न्याय और युवा सशक्तिकरण के माध्यम से एक सशक्त समाज का निर्माण करना है।
नोवरा के अध्यक्ष डॉ रंजन तोमर ने कहा, समाज सेवा हमारे लिए केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का उद्देश्य है।