✍️ योगेश राणा।
:- बैडमिंटन, जूडो, कबड्डी में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
:- मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता संपन्न, विजेताओं को मिला सम्मान
Noida : जिला खेल कार्यालय, गौतमबुद्ध नगर के तत्वाधान में मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बालक-बालिका खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बैडमिंटन, जूडो, कबड्डी और एथलेटिक्स जैसे खेलों में जनपद के युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बता दें कि कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि और प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस तरह के आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं।”

निर्णायक मंडल और सहयोगी!
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक मंडल की अहम भूमिका रही, जिसमें शीलंकूर, ज्योति, विजय राहुल, अंजुम मालिक, सुमित कुमार, सरताज अली, शिवम्, हर्ष कश्यप, शिवम् सक्सेना, कुलदीप भाटी और ओमपाल सिंह नागर शामिल रहे। इस दौरान कार्यालय सहायक देवेंद्र कौशिक सहित खेल विभाग के कई अधिकारी और प्रशिक्षक भी मौजूद रहे और आयोजन के अंत में बड़ी संख्या में उपस्थित खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहवर्धन कर भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की उम्मीद जताई।
