✍️ योगेश राणा।
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
Noida: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 28 मार्च 2026 को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के ऐतिहासिक लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से हाल ही में एरोड्रम लाइसेंस प्राप्त होने के बाद, यह भारत के सबसे बड़े हवाई अड्डे के रूप में वैश्विक स्तर पर परिचालन के लिए तैयार है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च (शनिवार) को जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके साथ ही यह उत्तर प्रदेश का 5वां और देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन जाएगा और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने आगामी जनसभा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और एयरपोर्ट स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस गौरवशाली क्षण को ‘जन-उत्सव’ बनाने के लिए गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है ताकि लाखों लोग प्रधानमंत्री का संबोधन सुन सकें और विधायक ने इस परियोजना को किसानों के त्याग का प्रतिफल बताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग से यह सपना साकार हो सका है।
उद्घाटन के 45 दिनों के भीतर व्यावसायिक उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है!
उद्घाटन के बाद 45 दिनों के भीतर व्यावसायिक उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। इंडिगो,आकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों के लिए परिचालन की पुष्टि की है और इस एयरपोर्ट के चालू होने से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि और क्षेत्र में रोजगार के अभूतपूर्व अवसरों की उम्मीद है।