Noida News : खेल सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम, खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पर जोर।

✍️ योगेश राणा

:- सीडीओ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, स्टेडियम विकास और खिलाड़ियों को संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

जनपद में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास एवं खेलकूद प्रोत्साहन समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने की, जिसमें खेल गतिविधियों के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेल सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि जनपद के खिलाड़ी राज्य से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

बैठक में मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर विचार किया गया, जिसमें बैडमिंटन कोर्ट को सिंथेटिक बनाने, प्रशिक्षक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के अनुबंध नवीनीकरण और पदक विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार व स्पोर्ट्स किट देने जैसे मुद्दे शामिल रहे। साथ ही हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल और टेबल टेनिस के उपकरण जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदने, बास्केटबॉल संचालन को सुदृढ़ करने और जिम के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।

इसके अलावा कबड्डी मैदान को टीन शेड से कवर करने, स्टेडियम में वाटर कूलर के लिए शेड लगाने और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली तथा राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मनजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.