:- पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में गुमशुदा लोगों की तलाश तेज, AI और डिजिटल डेटा का होगा इस्तेमाल
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
Noida : पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन खोज’ के तहत गुमशुदा और अपहृत व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी के लिए प्रभावी कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा ने एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती दीक्षा सिंह के साथ सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बता दें कि गोष्ठी के दौरान डीसीपी अनुकृति शर्मा ने विवेचकों को आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गुमशुदा व्यक्तियों का शीघ्र पता लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण, सर्विलांस, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और डिजिटल डेटा एनालिसिस का अधिकतम उपयोग किया जाए। इन तकनीकों के माध्यम से विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाकर मामलों का त्वरित निस्तारण संभव होगा और अधिकारियों ने निर्देशित किया कि गुमशुदगी और अपहरण के मामलों को अत्यंत संवेदनशीलता और गंभीरता से लिया जाए। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों से संबंधित प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी सकुशल बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, ‘ऑपरेशन खोज’ के तहत लंबित पड़े पुराने मामलों में भी प्रभावी प्रयास कर जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
परिजनों के साथ संवेदनशीलता!
डीसीपी महिला अनुकृति शर्मा ने सभी विवेचकों को यह भी हिदायत दी कि वे गुमशुदा व्यक्तियों के परिजनों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें। उन्हें केस की प्रगति (प्रोग्रेस) से अवगत कराया जाए और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए, ताकि जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।