:- मोजर वियर गोलचक्कर पर मुठभेड़, पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
:- सूरजपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; दो को लगी गोली, गिरोह के कुल 4 शातिर गिरफ्तार।
Noida: आज दिनांक 09 अप्रैल को थाना सूरजपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोजर वियर गोलचक्कर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया। बता दें कि पुलिस टीम सर्विस रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने मोटरसाइकिलें जंगल की तरफ मोड़ दीं और भागने लगे। पीछा करने पर हड़बड़ाहट में उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं और गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मुकेश उर्फ मुक्के (32 वर्ष),आकाश (29 वर्ष),देवेन्द्र शर्मा उर्फ देबू (40 वर्ष),सतपाल (50 वर्ष) रुप में हुई है और पकड़े गए चारों अभियुक्त थाना सूरजपुर में दर्ज विभिन्न मुकदमों में वांछित चल रहे थे,पुलिस ने इनके कब्जे से 4 तमंचे (315 बोर),4 खोखा कारतूस और 4 जिंदा कारतूस,1 ड्रिल मशीन और 2 ड्रिल रॉड (चोरी/सेंधमारी में प्रयुक्त उपकरण) बरामद किया है और घायल बदमाशों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक संपर्कों और वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
मुठभेड़ के बारे में डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने क्या कुछ बताया!
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि आज थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा मोजर वियर गोलचक्कर के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन सवारों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकेश और आकाश नाम के दो बदमाश घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। कॉम्बिंग के दौरान उनके दो अन्य साथियों, देवेन्द्र और सतपाल को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से अवैध हथियार और ड्रिलिंग उपकरण बरामद हुए हैं। ये शातिर अपराधी पूर्व में दर्ज कई मामलों में वांछित थे। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।