Noida Airport Job Fraud : पैसे मांगने वाले एजेंट से बचें, NIA ने जारी की चेतावनी।

सावधान: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम पर फर्जी नौकरी का झांसा, आधिकारिक वेबसाइट के अलावा कहीं न करें आवेदन

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

Noida : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) प्रबंधन ने हाल ही में सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से प्रसारित हो रहे फर्जी नौकरी के प्रस्तावों को लेकर एक आधिकारिक सार्वजनिक सूचना जारी की है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि कुछ अनधिकृत लोग और एजेंसियां युवाओं को ठगने के लिए हवाई अड्डे पर नौकरी के फर्जी अवसर दिखा रही हैं। बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने साफ तौर पर कहा है कि उनकी भर्ती प्रक्रिया के किसी भी चरण में उम्मीदवारों से कोई शुल्क या भुगतान नहीं लिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी पैसे की मांग करती है, तो वह फर्जी है और सभी प्रामाणिक और आधिकारिक नौकरी के अवसर केवल एयरपोर्ट की अधिकृत वेबसाइट niairport.in पर ही उपलब्ध हैं,किसी भी अन्य माध्यम या निजी वेबसाइट द्वारा किए गए दावों पर विश्वास न करें।

अनधिकृत एजेंसियों से बचें!

एयरपोर्ट प्रबंधन ने जनता से अपील की है कि वे ऐसे व्यक्तियों या एजेंसियों के संपर्क में न आएं जो हवाई अड्डे पर नौकरी दिलाने का वादा करते हैं और बदले में भुगतान की मांग करते हैं और हाल के महीनों में नोएडा पुलिस ने ऐसे कई गिरोहों का भंडाफोड़ किया है जो फर्जी रिक्रूटमेंट सेंटर चलाकर बेरोजगार युवाओं से हजारों रुपये की ठगी कर रहे थे। ये ठग अक्सर सोशल मीडिया पर “We Are Hiring” जैसे विज्ञापनों का सहारा लेकर लोगों को लुभाते हैं।