✍️ योगेश राणा
अवैध गैस कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, प्रशासन बोला—अभियान जारी रहेगा
Noida : जनपद में एलपीजी गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर एक सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रशासन की संयुक्त टीम ने कासना स्थित एक गैस गोदाम पर छापेमारी कर बड़ी अनियमितता पकड़ी है। बता दें कि कासना इण्डेन गैस एजेंसी (स्वामी श्री गोपाल) नटों की मडैया,कासना में जांच टीम को मौके पर 13 सिलेंडर मिले,जिनमें 8 भरे हुए लेकिन अनशील्ड (बिना सील) घरेलू सिलेंडर, एक आधा भरा हुआ और 4 खाली सिलेंडर शामिल थे और यह मामला ‘द्रवित पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति और वितरण का विनियमन) आदेश-2000’ का उल्लंघन पाया गया और इसके तहत कन्हैया लाल, योगेश, नरेन्द्र और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ थाना बीटा-2 में आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
प्रशासन की चेतावनी!
जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उपजिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, बांट माप विभाग, खाद्य विभाग और तेल कंपनियों की टीमें लगातार निगरानी करेंगी ताकि पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण में पारदर्शिता बनी रहे और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसी जा सके।