नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन: कूड़ा उठाने में लापरवाही पर सफाई एजेंसी पर लगाया 10.38 लाख का जुर्माना
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
Noida authority: शहर की सफाई व्यवस्था और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी पर नोएडा प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाया है। अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने और निवासियों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए, प्राधिकरण ने संबंधित एजेंसी पर 10,38,290 रुपये (दस लाख अड़तीस हजार दो सौ नब्बे मात्र) का भारी अर्थदण्ड अधिरोपित किया है। बता दें कि एजी एनवायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की एजेंसी द्वारा पर्याप्त संख्या में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियाँ नहीं लगाई गई थी और तैनात की गई गाड़ियों में से लगभग 25% खराब हैं,जिनकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है और जो गाड़ियाँ कार्यशील हैं, वे भी नियमित रूप से गांवों और सेक्टरों में नहीं पहुँच रही हैं और गाड़ियों के न आने से परेशान निवासी खुले स्थानों और मुख्य मार्गों पर कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं, जिससे शहर की छवि खराब हो रही है।
अंतिम चेतावनी!
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह कृत्य अनुबंध के Article 10 (Penalties & Fines) का सीधा उल्लंघन है। दिनांक 25.03.2026 से 31.03.2026 तक ड्यूटी से नदारद रहने और कार्य में शिथिलता बरतने के कारण यह जुर्माना लगाया गया है और प्राधिकरण ने एजेंसी को निर्देशित किया है कि वह भविष्य में अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्य करना सुनिश्चित करे। यदि सुधार नहीं हुआ, तो भविष्य में और भी कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।