:- PM मोदी वर्चुअल, CM योगी रहेंगे मौजूद, जेवर में सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला आगामी 21 फरवरी को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-28, जेवर में रखी जाएगी। यह परियोजना उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और तकनीकी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।
3700 करोड़ के निवेश से ऐतिहासिक परियोजना
एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन के संयुक्त उपक्रम इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगभग 3700 करोड़ रुपये के निवेश से इस सेमीकंडक्टर यूनिट की स्थापना की जा रही है। यह यूनिट न केवल जेवर बल्कि पूरे प्रदेश को हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
प्रधानमंत्री वर्चुअल, मुख्यमंत्री की रहेगी उपस्थिति
शिलान्यास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रूप से शामिल होकर मार्गदर्शन देंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न होगा। इस अवसर पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव भी उपस्थित रहेंगे।
उत्तर प्रदेश को मिलेगी वैश्विक पहचान
जेवर विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह सेमीकंडक्टर यूनिट उत्तर प्रदेश को हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और वैश्विक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उद्योग-हितैषी नीतियों के कारण प्रदेश आज वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है।
यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र बन रहा औद्योगिक हब
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक ढांचा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद अब सेमीकंडक्टर यूनिट की स्थापना से जेवर एक हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है।
हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि जेवर विधानसभा क्षेत्र में इस ऐतिहासिक परियोजना की शुरुआत हो रही है। सेमीकंडक्टर यूनिट के स्थापित होने से लगभग 3000 युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे, तकनीकी विकास को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।
जेवर बन रहा वैश्विक निवेश का केंद्र
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अब सेमीकंडक्टर यूनिट जैसी मेगा परियोजनाओं के चलते जेवर तेजी से वैश्विक निवेश के केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।