दिवाली से पहले नोएडा में खाद्य विभाग का एक्शन : BigBasket, Blinkit और Zepto के स्टोर्स पर छापेमारी, सैंपल जांच के लिए भेजे
दीपावली से पहले नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने ऑनलाइन ग्रॉसरी प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिग बास्केट, ब्लिंकिट और जेप्टो समेत 16 स्टोर्स को अनियमितताओं के चलते सुधार नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि तीन संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
नोएडा न्यूज़ | दीपावली के त्योहार से ठीक पहले लोगों की सेहत से खिलवाड़ और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी (डीएम) मेधा रूपम के सख्त निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FSDA) ने 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी और ग्रॉसरी प्लेटफॉर्म्स के 18 वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। बता दें कि इस औचक निरीक्षण के दौरान बिग बास्केट, ब्लिंकिट और जेप्टो जैसे नामी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के 16 स्टोर्स में भारी अनियमितताएं और गंदगी पाई गई, जिसके बाद विभाग ने इन सभी 16 प्रतिष्ठानों को ‘सुधार नोटिस’ (Improvement Notice) थमा दिया है।सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जब टीमों ने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के मुख्य वेयरहाउस की जांच की, तो वहां की जमीनी हकीकत चौंकाने वाली थी।वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स के अंदर स्वच्छता के मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।मौके पर कामगारों (वर्कर्स) के जरूरी ‘स्वास्थ्य प्रमाणपत्र’ (Health Certificates) और ‘पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट’ जैसी बेहद आवश्यक फाइलें प्रस्तुत नहीं की जा सकीं।एक्सपायरी डेट वाले खराब खाद्य पदार्थों को निर्धारित समय से पहले हटाने से संबंधित ‘मानक संचालन प्रक्रिया’ (SOP) का कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।
3 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लैब भेजे गए!
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कुछ खाद्य सामग्रियों की शुद्धता पर संदेह हुआ। एहतियात के तौर पर टीम ने 3 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने (Samples) सील किए और उन्हें गहन जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत सख्त चेतावनी?
उत्तर प्रदेश में इस समय खाद्य सामग्री की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने सभी ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनियों और स्टोर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है कि वे केवल मानकों पर खरे उतरने वाले सुरक्षित खाद्य पदार्थ ही उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के सीजन में लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

