- :- अनु सिन्हा ने कथक से दिखाया रामायण का भव्य स्वरूप
- :- 60 कलाकारों की प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
न्यूज़ डायरी,नोएडा।
फाउंडेशन फॉर कृष्ण कला एंड एजुकेशन सोसाइटी के तत्वावधान में जेपी ग्रीन्स विश टाउन, केपी-2 के स्पोर्ट्स फील्ड पर संपूर्ण रामायण नृत्य-नाट्य का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन को ओएनजीसी और एयरटेल पेमेंट बैंक का सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में 60 से अधिक कलाकारों ने अपनी सशक्त और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के पौराणिक प्रसंगों को जीवंत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मंच पर जीवंत हुए रामायण के अद्भुत दृश्य
इस नृत्य-नाट्य में राम जन्म, सीता स्वयंवर, राम-वनवास, हनुमानजी का लंका दहन, रावण वध और धर्म की विजय जैसे प्रसंगों का भावनात्मक चित्रण किया गया। हर दृश्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
डॉ.अनु सिन्हा ने निभाई कोरियोग्राफी और निर्देशन की जिम्मेदारी
इस अद्वितीय प्रस्तुति की परिकल्पना, निर्देशन और कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना डॉ. अनु सिन्हा ने निभाई। जयपुर घराने की मशहूर कथक गुरु पं. राजेन्द्र गंगानी की शिष्या अनु सिन्हा ने भारतीय संस्कृति की गहराई और कथक की गरिमा को मंच पर साकार किया।
डॉ. अनु सिन्हा ने इस नवरात्रि और विजयादशमी के दौरान दिल्ली, नोएडा और ऋषिकेश में संपूर्ण रामायण के 10 सफल मंचन किए। इन प्रस्तुतियों ने भक्ति, कला और संस्कृति की एक नई लहर प्रवाहित कर दी।
संस्कृति, नारी शक्ति और धर्म विजय का संदेश
नृत्य-नाट्य में केवल धार्मिक भाव ही नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा, नारी शक्ति और धर्म की विजय का गूढ़ संदेश भी समाहित था। प्रस्तुति के अंत में दर्शक मंत्रमुग्ध होकर खड़े हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर कथक गुरु अनु सिन्हा ने कहा
उन्होंने कहा “भारतीय संस्कृति में नृत्य की अहम भूमिका है। बदलते दौर में कलाकारों को भी अपनी प्रस्तुतियों में नया आयाम जोड़ना होगा। हमारी पूरी टीम दीपावली और छठ पूजा जैसे आने वाले आयोजनों के लिए भी तैयार है। हम नृत्य के माध्यम से संस्कृति, समाज और अध्यात्म का संदेश लोगों तक पहुँचाते रहेंगे।”