Noida News : नोएडा से पूरे उत्तर प्रदेश तक, PGICH बनेगा राज्य का नॉलेज सेंटर।

दूर-दराज़ के मेडिकल कॉलेजों तक पहुंचेगी विशेषज्ञ बाल चिकित्सा सेवा।

Noida: नोएडा स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ (PGICH) ने उत्तर प्रदेश में बाल चिकित्सा देखभाल (Pediatric Care)के भविष्य को बदलने के लिए ECHO इंडिया के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की है और इस पहल का मुख्य उद्देश्य एक राज्य-स्तरीय एकेडमिक नेटवर्क तैयार करना है, जो दूर-दराज के मेडिकल कॉलेजों को विशेषज्ञ सुविधाओं से जोड़ेगा। बता दें कि संस्थान को पहले ही नेशनल हब के रूप में चुना जा चुका है, जो अब पूरे राज्य के लिए एक ‘नॉलेज सेंटर’ की भूमिका निभाएगा और इस कार्यक्रम में ECHO (Extension for Community Healthcare Outcomes) मॉडल का उपयोग किया जाएगा। यह एक वर्चुअल प्लेटफॉर्म है जिसके जरिए विशेषज्ञ डॉक्टर केस-बेस्ड चर्चाओं के माध्यम से अन्य डॉक्टरों को प्रशिक्षित करते हैं और कार्यक्रम में पीडियाट्रिक हेमेटोलॉजी-ऑन्कोलॉजी (कैंसर), इंटेंसिव केयर (ICU), नियोनेटोलॉजी, और पीडियाट्रिक सर्जरी जैसे गंभीर विभागों को शामिल किया गया है और इसका लक्ष्य पूरे उत्तर प्रदेश में एक जैसे ‘एविडेंस-बेस्ड’ प्रोटोकॉल लागू करना है, ताकि छोटे शहरों के मरीजों को भी बड़े अस्पतालों जैसा इलाज मिल सके।

क्यों खास है यह पहल?

वर्तमान में जटिल बीमारियों के लिए मरीजों को अक्सर बड़े शहरों की ओर भागना पड़ता है। इस प्रोग्राम के जरिए PGICH के विशेषज्ञ वर्चुअल माध्यम से राज्य भर के मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों को मेंटरशिप देंगे। इससे स्थानीय स्तर पर ही बीमारियों के शुरुआती निदान और बेहतर रेफरल सिस्टम में मदद मिलेगी और ECHO इंडिया के साथ चल रहे मौजूदा सहयोग (थैलेसीमिया और ऑन्कोलॉजी केयर) की सफलता को देखते हुए, इस विस्तृत राज्य-स्तरीय प्रोग्राम के जल्द ही आधिकारिक रूप से लॉन्च होने की उम्मीद है

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.