✍️ योगेश राणा
न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा
जनपद गौतम बुद्ध नगर में होली के त्योहार के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है और जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में असुरक्षित खाद्य पदार्थ जब्त और नष्ट किए हैं। बता दें कि विभाग ने कुल 05 नमूने एकत्र कर विस्तृत जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने स्पष्ट किया है कि त्योहार तक यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि नागरिकों को मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।
प्रमुख छापेमारी!
नोएडा सेक्टर-62 (रसूलपुर नवादा):-सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के अनुसार, सम्यक मिठाईवाला के प्रतिष्ठान पर स्वच्छता मानकों की घोर अनदेखी पाई गई। यहाँ लगभग 100 किलोग्राम गुलाब जामुन प्रदूषित अवस्था में मिले, जिनमें मक्खियाँ और मच्छर पड़े हुए थे। टीम ने एक नमूना लेकर शेष सभी गुलाब जामुन को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
कासना, ग्रेटर नोएडा (साइट 5):-
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में जानकी बल्लभ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड पर बड़ी कार्रवाई हुई। यहाँ ‘Nutriglow’ ब्रांड के तेलों में गंभीर गड़बड़ियां मिलीं और बिना फोर्टिफिकेशन किए ही उत्पादों पर फोर्टिफिकेशन लोगो का अवैध इस्तेमाल पाया गया और
बैच नंबर और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध न होने पर 291 टीन और लगभग 11,000 पाउच रिफाइंड सोयाबीन एवं पॉमोलिन तेल सीज कर दिए गए हैं और इसी परिसर में ‘Nutrilive Gold’ ब्रांड के 91 टीन एक्सपायर्ड तेल भी मिले,जिन्हें तत्काल सीज किया गया।