Noida News : नोएडा में बिजली हादसों पर सख्त एक्शन, DM मेधा रूपम ने दिए कड़े निर्देश।

स्कूलों के ऊपर से गुजर रहीं बिजली लाइनें होंगी शिफ्ट

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) की जिला मजिस्ट्रेट मेधा रूपम ने विद्युत दुर्घटनाओं के मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए गठित समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इन प्रकरणों के समाधान में तेजी लाने और सुरक्षा मानकों को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए हैं और किसी भी हादसे की स्थिति में केवल औपचारिकता के बजाय गहन जांच कर दोषी अधिकारियों या कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही गई है।

बैठक के मुख्य बिंदु:!

त्वरित निस्तारण:- विद्युत दुर्घटनाओं से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रभावितों को समय पर राहत मिल सके।

सुरक्षा ऑडिट और उपकरण:- विद्युत विभाग को सभी 33KV/11KV लाइनों का सुरक्षा ऑडिट करने और कर्मचारियों को उच्च गुणवत्ता वाले ISI मार्क सुरक्षा उपकरण (जैसे दस्ताने, जूते और पेटी) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जीरो टॉलरेंस नीति:- विभाग को सुरक्षा के प्रति ‘शून्य सहनशीलता’ (Zero Tolerance) की नीति अपनाने को कहा गया है, जिसमें बिना शटडाउन और बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करने पर पूर्ण प्रतिबंध शामिल है।

लाइनों की शिफ्टिंग:- शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजरने वाली विद्युत लाइनों को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।