October 19, 2026

मामूली विवाद के बाद कैब चालक ने बोनट पर युवकों को लटकाकर दौड़ाई तेज रफ्तार कार, वीडियो वायरल।

1003293923_11zon

नोएडा के सेक्टर-18 में मामूली विवाद के बाद एक कैब चालक ने दो युवकों को कार के बोनट और विंडशील्ड पर लटकाए हुए तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर चालक की पहचान और मामले की जांच में जुटी है।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | दिल्ली से सटे हाईटेक सिटी नोएडा के हाई-प्रोफाइल इलाके सेक्टर-18 में रोड रेज और दबंगई की एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक मामूली विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक बेखौफ कैब चालक ने दो युवकों की जान जोखिम में डालते हुए उन्हें अपनी कार के बोनट पर लटकाया और तेज रफ्तार में गाड़ी भगा दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वाकये का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्त कमर्शियल हब सेक्टर-18 की है। बताया जा रहा है कि सड़क पर किसी बात को लेकर कैब चालक और कुछ युवकों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद के दौरान बात इतनी बढ़ी कि युवकों ने कार को रोकने का प्रयास किया।अपनी दबंगई दिखाते हुए कैब चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय अचानक गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए दो युवक कार के बोनट और विंडशील्ड के पास चिपक गए। चालक ने इंसानियत और कानून की परवाह किए बिना दोनों युवकों को उसी हालत में बोनट पर लटकाए रखा और तेजी से कार दौड़ाते हुए वहाँ से भाग निकला।

सोशल मीडिया पर ‘GTA इन रियल लाइफ’ की चर्चा!

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक सफेद रंग की कार तेज गति से सड़क पर दौड़ रही है। एक युवक बोनट को कसकर पकड़े हुए है और दूसरा विंडशील्ड के पास बैठा हुआ है। इस खौफनाक दृश्य को देखकर इंटरनेट यूजर्स इसकी तुलना मशहूर वीडियो गेम ‘GTA 5’ के दृश्यों से कर रहे हैं। सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों ने भी इस नजारे को देखकर अपनी गाड़ियों को धीमा कर लिया और कइयों के हलक में जान अटक गई। वहीं वीडियो के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने के बाद नोएडा पुलिस तुरंत हरकत में आई है। थाना सेक्टर-20 की पुलिस और नोएडा ट्रैफिक पुलिस की टीमें वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर कार के रजिस्ट्रेशन नंबर को खंगाल रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की शिनाख्त की जा रही है और खतरनाक ड्राइविंग, जान जोखिम में डालने तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Author

You may have missed