बाराबंकी में सीएम योगी का तीखा बयान: “बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कयामत तक नहीं होगा”

✍️ योगेश राणा

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज, 10 फरवरी 2026 को बाराबंकी में एक जनसभा के दौरान यह तीखा बयान दिया है। बाराबंकी के दुल्हदेपुर में रामार्चा महायज्ञ और धार्मिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कभी संभव नहीं है। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “कयामत का दिन कभी आने वाला नहीं है, इसलिए बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कयामत के दिन तक भी नहीं होगा” और उन्होंने उन लोगों पर हमला बोला जो अब भी विवादित ढांचे की वापसी का सपना देखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सपने देखने वाले लोग यूं ही सड़-गल जाएंगे, लेकिन उनका मकसद कभी पूरा नहीं होगा और उन्होंने नसीहत दी कि भारत में रहना है तो यहाँ के नियमों और कानून का पालन करना सीखना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग कानून तोड़कर स्वर्ग जाने का सपना देख रहे हैं, उन्हें केवल नर्क का रास्ता मिलेगा और सीएम ने दोहराया कि बीजेपी जो कहती है वो करती है। उन्होंने नारा याद दिलाते हुए कहा, “हमने कहा था—राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे—और हमने वह कर दिखाया”।

राजनीतिक प्रतिक्रिया!

इस बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि जब बीजेपी को सत्ता खोने का डर सताता है, तो वे सांप्रदायिक बयानबाजी पर उतर आते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि उर्दू का विरोध करने वाले मुख्यमंत्री अब ‘कयामत’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।