Noida News : सफाई हड़ताल पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 6 यूनियन नेताओं पर FIR, 100 कर्मचारी हटाए।

:- नोएडा में हड़ताल का असर खत्म करने के लिए, ठेकेदार कंपनियों ने बाहर से बुलाए 150 नए सफाई कर्मचारी ।

Noida : नोएडा प्राधिकरण ने शहर की सफाई व्यवस्था को बाधित करने और हड़ताल के लिए उकसाने के मामले में सख्त कदम उठाए हैं। प्राधिकरण ने छह सफाई यूनियन नेताओं के खिलाफ फेज-1 थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। जिन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है उनमें सतबीर मकवाना, साधु मकवाना, बबलू पारचा, रवि पारचा, राधे पारचा और सुनील टोंक के नाम शामिल हैं।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इन पर सफाई कर्मचारियों को हड़ताल के लिए उकसाने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है। इसके साथ ही शहर की सफाई में लापरवाही और हड़ताल में शामिल होने के कारण 100 सफाई कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं उनकी सेवाएं समाप्त की जाएं। साथ ही सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से न चला पाने के कारण 15 ठेकेदार कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

प्राधिकरण की सख्ती के बाद ठेकेदार कंपनियों ने आनन-फानन में करीब 150 नए कर्मचारियों को बाहर से बुलाकर शहर में सफाई कार्य शुरू करा दिया।
वहीं प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि जब तक कर्मचारी बिना शर्त काम पर नहीं लौटते, तब तक यूनियन नेताओं के साथ किसी भी प्रकार की वार्ता नहीं की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक प्राधिकरण का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।