:- इंस्टाग्राम के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 11 पिस्टल व तमंचों के साथ 3 गिरफ्तार
Noida: गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी के विरुद्ध की गई बड़ी कार्रवाई। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत थाना फेस-1 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार और डीसीपी नोएडा साद मियां खान के नेतृत्व में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान, पुलिस टीम ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले 3 अभियुक्तों (जिनमें बाल अपचारी भी शामिल हैं) को गिरफ्तार किया है। बता दें कि एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह और एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर 9 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 06:45 बजे सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पुलिया के पास घेराबंदी की और यहाँ से पुलिस ने तस्करों को रंगे हाथ दबोचा लिया गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 05 अदद पिस्टल (32 बोर),05 अदद देशी तमंचे (315 बोर),01 अदद देशी तमंचा (32 बोर) हथियार बरामद किए हैं।
इंस्टाग्राम पर जमाते थे रौब, मोटा मुनाफा कमाकर पालते थे शौक!
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। अभियुक्तों ने बताया कि वे कम उम्र के लड़कों के बीच अपना दबदबा बनाने के लिए अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते थे। वे अवैध पिस्टल को 40,000 से 45,000 रुपये में खरीदकर 65,000 से 75,000 रुपये तक में बेचते थे। इसी तरह, 4,000-5,
000 रुपये के तमंचे को करीब 10,000 रुपये के मुनाफे पर बेचा करते थे। हथियारों की डीलिंग के लिए वे इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते थे और ग्राहकों को वहीं से संपर्क करने को कहते थे।
सेक्टर-14 के पास से भारी मात्रा में अवैध पिस्टल और तमंचे बरामद; पुलिस ने तस्करों के नेटवर्क को तोड़ा: एडीसीपी नोएडा
अपर पुलिस उपायुक्त (नोएडा) मनीषा सिंह ने बताया कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के क्रम में, थाना फेज-1 पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। मुखबिर की सूचना और सक्रिय चेकिंग के आधार पर सेक्टर-14 क्षेत्र से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध शस्त्रों की तस्करी में लिप्त थे। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे बरामद हुए हैं। जांच में यह सामने आया है कि ये लोग सोशल मीडिया का उपयोग कर नेटवर्क का विस्तार कर रहे थे। पुलिस अब इनके पूरे सप्लाई चेन और अन्य संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।”