:- 18 केंद्रों पर दो पालियों में हो रही परीक्षा, पहले दिन हजारों अभ्यर्थी शामिल,व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर प्रशासन सख्त
गौतमबुद्धनगर | न्यूज़ डायरी टुडे
जनपद गौतमबुद्धनगर में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। 14 और 15 मार्च को आयोजित हो रही इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा कराई जा रही है।
परीक्षा के पहले दिन प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की कड़ी निगरानी के बीच सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, साथ ही प्रत्येक केंद्र पर अधिकारियों की तैनाती कर निरंतर निगरानी भी रखी जा रही है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने ग्रेटर नोएडा स्थित अमीचंद इंटर कॉलेज, कासना परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी मेधा रूपम स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हों।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने परीक्षा के पहले दिन की उपस्थिति का ब्यौरा देते हुए बताया कि पहली पाली में कुल 5520 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से 3691 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1829 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 5520 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3870 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1650 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च को भी जनपद के सभी 18 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।