:- नकली नोटों की गड्डी दिखाकर जेवर ठगने वाले 2 शातिर गिरफ्तार, नोएडा फेस-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Noida : नोएडा की थाना फेस-2 पुलिस ने नकली नोटों की गड्डियों के जरिए कीमती आभूषण ठगने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। बता दें कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-2 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम भंगेल से ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान की पहचान विशाल उर्फ नन्हे पुत्र स्वर्गीय भीम सिंह तथा करन सोलंकी पुत्र सेवाराम सोलंकी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 02 कागज की गड्डियां ऊपर-नीचे 500 के असली नोट लगे हुए और 2500 रुपये नकद बरामद किया।
ठगी का अनोखा तरीका!
पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी राहगीरों को अपना शिकार बनाते थे। वे कागज की ऐसी गड्डियां दिखाते थे जिनके ऊपर और नीचे तो 500 रुपये का असली नोट लगा होता था, लेकिन बीच में सिर्फ सादे कागज भरे होते थे। आरोपियों का गिरोह भोले-भाले लोगों को इन ‘नकली गड्डियों’ का लालच देकर उनके कीमती आभूषणों के बदले सौदा करता था और जेवर लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने क्या कुछ बताया
थाना फेस-2 पुलिस द्वारा ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को ग्राम भंगेल से गिरफ्तार किया गया है और यह अभियुक्त कागज की गड्डियों के ऊपर असली नोट लगाकर लोगों को रुपयों का लालच देते थे और उनसे जेवरात ठग लेते थे। इनके पास से ठगी में इस्तेमाल कागज की गड्डियां और नकद बरामद हुआ है। अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। जनता से अपील है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के इस तरह के झांसे में न आएं।”