शालिनी सिंह बोलीं—खेल प्रतिस्पर्धा नहीं, सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम

:- डीडीआरडब्लूए की बैठक, पैरा खेल महाकुंभ पर मंथन

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा। डीडीआरडब्लूए के सेक्टर-35 स्थित कार्यालय में संस्था के अध्यक्ष एन.पी. सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से सुप्रसिद्ध कवयित्री शालिनी सिंह, युवा क्रांति सेना के चेयरमैन लोकेश चौहान एवं अध्यक्ष अविनाश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले पैरा खेलों के महाकुंभ तथा यमुना नदी तट पर प्रस्तावित भव्य कुश्ती प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने इन आयोजनों को “खेल क्रांति” की दिशा में एक सशक्त कदम बताया। यह पहल न केवल दिव्यांग खिलाड़ियों को मंच प्रदान करेगी, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रभावना को भी सुदृढ़ करेगी।
बैठक के दौरान क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संबंधित मुद्दों के समाधान हेतु शीघ्र ही नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से मुलाकात कर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी।
शालिनी सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का माध्यम हैं। पैरा खेल महाकुंभ और यमुना तट पर कुश्ती प्रतियोगिता जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगे। यह ‘खेल क्रांति’ युवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ समावेशी समाज निर्माण की ओर मजबूत कदम है।

अध्यक्ष एन.पी. सिंह ने कहा कि हम सदैव समाजहित के कार्यों में अग्रणी रखे हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना और क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान कराना हमारी प्राथमिकता है। हम सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर इन आयोजनों को ऐतिहासिक बनाने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर राकेश सिंह चौहान, राकेश राजपूत, महीपाल सिंह, आनंदवर्धन चंदेल, बबली ठाकुर, उमंग कुमार सिंह, धीरज ठाकुर, प्रशांत सिंह, ईश्वर सिंह सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।