Noida News : डेटिंग ऐप पर फंसाकर लूटने वाली ‘हसीना’ गिरफ्तार, नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा।

सावधान! डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर युवक को लूटने वाली ‘हसीना’ गिरफ्तार, नशे की हालत में करती थी जेवर और कैश साफ

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

Noida Crime: नोएडा की सेक्टर-126 पुलिस ने एक ऐसी शातिर महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है जो डेटिंग ऐप्स के जरिए पुरुषों को अपने जाल में फंसाकर लूट की वारदातों को अंजाम देती थी। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई एक सोने की चेन, अंगूठी और 13,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। बता दें कि 7 अप्रैल 2026 को एक पीड़ित युवक ने सेक्टर-126 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, उसकी मुलाकात एक डेटिंग ऐप के माध्यम से ‘तनु वर्मा’ नाम की महिला से हुई थी। महिला ने उसे मिलने के बहाने सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा स्पायरा बिल्डिंग में बुलाया। वहां महिला ने पीड़ित को अत्यधिक शराब पिलाकर बेसुध कर दिया और उसके पास मौजूद सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और करीब 27,000 रुपये लेकर फरार हो गई और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 8 अप्रैल 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना की मदद से पुलिस ने सेक्टर-94 अंडरपास के पास से दो आरोपियों को धर दबोचा और दोनों की पहचान सीता चक्रवर्ती उर्फ तनु वर्मा उर्फ माया (पुत्री तापोस चक्रवर्ती) तथा सागर चौहान (पुत्र विजय सिंह) रूप में हुई है।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा!

पूछताछ के दौरान मुख्य अभियुक्ता सीता चक्रवर्ती ने बताया कि वह सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर अलग-अलग नामों से फर्जी आईडी बनाकर अपना नंबर शेयर करती थी। वह अकेले पुरुषों को अपना निशाना बनाती थी और दोस्ती कर उनका विश्वास जीतती थी। मिलने के बहाने बुलाकर वह उन्हें नशीला पदार्थ या भारी मात्रा में शराब पिला देती थी और उनके बेहोश होते ही कीमती सामान लूटकर चंपत हो जाती थी। उसका साथी सागर चौहान लूटे गए आभूषणों को बाजार में बेचने और पैसे ठिकाने लगाने का काम करता था।

एडीसीपी नोएडा ने क्या कुछ बताया!

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) मनीषा सिंह के अनुसार,यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था। पूछताछ में महिला अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अकेले व्यक्तियों को लक्षित करती थी और विश्वास जीतने के बाद उन्हें लूट लेती थी। चोरी किए गए आभूषणों को उसका साथी सागर चौहान बाजार में बेचता था और फिर वे दोनों आपस में पैसे बांट लेते थे।