ऊंची दुकान, फीके पकवान! ग्रेटर नोएडा के नामचीन KFC आउटलेट में फ्राइड चिकन के अंदर निकला कीड़ा, सोशल मीडिया पर फूटा ग्राहक का गुस्सा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल स्थित KFC आउटलेट में फ्राइड चिकन के अंदर कीड़ा मिलने का दावा सामने आया है। ग्राहक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद खाद्य गुणवत्ता और हाइजीन को लेकर सवाल उठने लगे। मामले पर KFC ने सफाई देते हुए ग्राहक से ऑर्डर की जानकारी मांगी है।

News Diary Today | Greater Noida News

G. Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल स्थित KFC आउटलेट में फ्राइड चिकन के अंदर कीड़ा मिलने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस घटना के बाद ब्रांड की खाद्य गुणवत्ता और हाइजीन (साफ-सफाई) पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि ब्रांड बड़ा, दाम ऊंचे, लेकिन जब बात खाने की सुरक्षा और साफ-सफाई की आए, तो दावों की पोल खुलती नजर आती है। ऐसा ही एक बेहद हैरान करने वाला वाकया ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नामी गौर सिटी मॉल (Gaur City Mall) स्थित KFC आउटलेट से सामने आया है। यहाँ एक ग्राहक को उसके पसंदीदा क्रिस्पी और डीप-फ्राइड चिकन के टुकड़े के अंदर रेंगता हुआ कीड़ा मिला, जिसके बाद मॉल से लेकर सोशल मीडिया तक हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना 5 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे की है। एक ग्राहक वीकेंड का लुत्फ उठाने के लिए गौर सिटी मॉल के KFC आउटलेट पर पहुँचा था। उसने वहाँ खाने के लिए ‘फ्राइड और क्रिस्पी चिकन’ ऑर्डर किया। लेकिन जैसे ही उसने चिकन खाना शुरू किया, चिकन पीस के अंदर एक कीड़ा दिखाई दिया।क्रिस्पी कोटिंग के अंदर कीड़े को देखकर ग्राहक के होश उड़ गए और उसने तुरंत इस पर गहरी नाराजगी जाहिर की।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, खाद्य विभाग में शिकायत!

लापरवाही की हद देखकर पीड़ित ग्राहक ने तुरंत इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। ग्राहक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और @KFC_India को सीधे टैग किया।ग्राहक ने तीखे शब्दों में सवाल उठाया कि “इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय फूड चेन में हाइजीन और क्वालिटी चेकिंग को लेकर इतनी बड़ी और जानलेवा लापरवाही कैसे बरती जा सकती है?” देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया और लोग इस पर KFC को जमकर ट्रोल करने लगे।

खाद्य विभाग की एंट्री और KFC की सफाई!

मामला बढ़ता देख खाद्य विभाग की टीम भी एक्शन में आ गई है और सोशल मीडिया पर मिली शिकायत के आधार पर इस आउटलेट की जांच की बात कही जा रही है।वहीं दूसरी ओर, चौतरफा घिरने के बाद KFC इंडिया (KFC India) ने इस घटना पर तुरंत माफी मांगी है। कंपनी ने सोशल मीडिया पर ग्राहक की पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि वे खाने की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करते। कंपनी ने ग्राहक से उनके ऑर्डर की पूरी डिटेल मांगी है ताकि इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा सके कि आखिर डीप-फ्राई होने के बाद भी चिकन के अंदर कीड़ा कैसे पहुंचा।यह घटना उन लाखों फूड लवर्स के लिए एक आंखें खोलने वाली चेतावनी है, जो ब्रांड के नाम पर आंख बंद करके भरोसा करते हैं।

Author