Holi Celebration Noida : सुपरटेक एमरल्ड कोर्ट में फूलों की होली, रंगोत्सव में झूमा पूरा परिसर।

:- बच्चों से बुजुर्गों तक, हर चेहरे पर दिखी होली की मुस्कान

सुपरटेक एमरल्ड कोर्ट में रंगोत्सव का भव्य एवं उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोसायटी के निवासियों ने फूलों की होली खेलकर प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दिया। पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा और हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संगीत की मधुर धुनों और पुष्पों की वर्षा के बीच सभी ने मिलकर इस पर्व को यादगार बनाया। फूलों की होली ने पारंपरिक रंगों की अपेक्षा सौहार्द और स्नेह की अनुभूति को और भी गहरा कर दिया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से जगमोहन गर्ग, यूबीएस तेवतिया, मोनिका मेहरोत्रा, मधुमिता जी सहित अनेक सम्मानित निवासी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाया और सामाजिक समरसता का परिचय दिया।

इस अवसर पर जगमोहन गर्ग ने कहा कि रंगोत्सव केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारे समाज की एकता, प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है। आज जिस प्रकार सभी लोगों ने मिलकर फूलों की होली खेली, वह आपसी विश्वास और भाईचारे की मिसाल है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमें सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।