सेक्टर 142 में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; 2300 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ बरामद, वाहन स्वामी और चालक पर मुकदमा दर्ज
न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा।
Noida : जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर के सख्त दिशा-
निर्देशों के अनुपालन में,जनपद में मिलावटखोरी और अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीती देर रात खाद्य पूर्ति विभाग और माप विज्ञान विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बता दें कि खाद्य पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में वरिष्ठ माप निरीक्षक रजनी चौधरी और राम अवध यादव की टीम सेक्टर 142 क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन (टैंकर/गाड़ी) को जांच के लिए रोका गया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद वाहन की गहन तलाशी ली गई और जांच के दौरान वाहन के अंदर 2300 लीटर संतृप्त (संदिग्ध) पेट्रोलियम पदार्थ पाया गया। टीम द्वारा मौके पर तेल से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक या वाहन स्वामी कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके। प्रशासन को अंदेशा है कि इस तेल का इस्तेमाल अवैध बिक्री या मिलावट के लिए किया जाना था और खाद्य पूर्ति अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बरामद पेट्रोलियम पदार्थ और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की छापेमारी जारी रहेगी ताकि सार्वजनिक सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों से समझौता न हो सके।
जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने इस कार्यवाही के बारे में क्या कुछ बताया!
जिलाधिकारी के आदेशानुसार जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की गुणवत्ता और अवैध परिवहन को रोकने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। सेक्टर 142 में पकड़े गए 2300 लीटर पदार्थ के पास वैध दस्तावेज नहीं थे, जो सुरक्षा और मानक दोनों के लिहाज से गंभीर उल्लंघन है। उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”