✍️ योगेश राणा
:- पत्रकारों की समस्या पर तुरंत संज्ञान, पार्किंग विवाद पर समाधान का भरोसा।
:- नोएडा में अवैध निर्माण पर सख्ती तय, CEO कृष्णा करुणेश ने दिए साफ संकेत
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
Noida Authority: नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ कृष्णा करुणेश (IAS Krishna Karunesh) ने शहर के विकास और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पत्रकारों के साथ बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय स्थापित करना और शहर की समस्याओं का धरातल पर समाधान खोजना था। सीईओ ने पत्रकारों से शहर के विकास के लिए सुझाव मांगे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और पत्रकारों ने बताया कि फील्ड में काम के दौरान उन्हें पार्किंग कर्मचारियों के साथ अक्सर विवादों का सामना करना पड़ता है। इस पर सीईओ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है और शहर की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। सीईओ ने कहा कि बेहतर समन्वय से ही सुधार संभव है और उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और प्रशासन के साथ मिलकर वे शहर की व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बना सकते हैं।
नवीन पहल:
कृष्णा करुणेश, जो 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, ने हाल ही में कार्यभार संभाला है। कार्यभार संभालने के बाद से ही वे काफी सक्रिय हैं और उन्होंने आम लोगों से मिलने के लिए सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक का समय निर्धारित किया है और उन्होंने न्यू नोएडा(80 गांवों)में अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ कड़े कदम उठाने के प्रस्ताव शासन को भेजे हैं और पदभार संभालते ही उन्होंने सफाई, सड़कों और सीवर जैसे बुनियादी कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की थी।