✍️ योगेश राणा
:- गौतमबुद्धनगर में महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, पहले दिन प्रयागराज-आगरा-गाजियाबाद की जीत
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित उत्तर प्रदेश आमंत्रण महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ गौतमबुद्धनगर स्थित रामाज्ञा पब्लिक स्कूल, के.पी.-5 में हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मिसेज एशिया पैसिफिक वर्ल्ड 2025 की विजेता एवं समाजसेविका बिंदु भाटिया ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मेरठ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। स्कूल की प्रधानाचार्या अवनि सिंह ने मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर स्वागत किया, जबकि प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रामाज्ञा ग्रुप के निदेशक राकेश केसरी, एकेडमिक इंचार्ज अमर सिंह राठौर, बालचंद नागर, एडवोकेट एच.एस. निवेश, कबड्डी कोच सुमित नागर, रेसलिंग कोच अंजुम, बास्केटबॉल कोच विजय कुमार, जिम कोच शुभम नागर तथा कार्यालय सहायक देवेंद्र कौशिक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए निर्णायक मंडल में मुख्य रेफरी ऋषभ बत्रा के साथ विनय पंवार, सौरभ कुमार, सोहित पंवार और वाहिद खान ने अहम भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। प्रयागराज की टीम ने हापुड़ को 21–9 से हराकर जीत की शुरुआत की। वहीं आगरा ने गौतमबुद्धनगर को 44–21 से पराजित किया। गाजियाबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अलीगढ़ को 40–28 से हराया, जबकि अपने दूसरे मुकाबले में हापुड़ को 25–6 से मात देकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के शेष मुकाबले अगले दिन प्रातः 7 बजे से खेले जाएंगे। खेल प्रेमियों में इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।