बसंत पंचमी पर सेक्टर-82 में विधि-विधान से हुई होलिका की स्थापना, भक्तिमय माहौल में हुआ पूजन।

बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सेक्टर-82 स्थित पॉकेट-7 में आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) की ओर से धार्मिक परंपराओं के अनुरूप होलिका की स्थापना की गई। यह आयोजन पॉकेट-7 के मैन गेट के बाहर संपन्न हुआ, जहां गाय के गोबर के उपलों और लकड़ी से होलिका का निर्माण किया गया। पूरे विधि-विधान के साथ आचार्य अनिल द्वारा मंत्रोच्चार करते हुए पूजन कराया गया।


पूजन कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन से हुई, जिसके पश्चात सभी देवी-देवताओं का आवाह्न कर श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना की गई। विधिवत पूजन संपन्न होने के बाद आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए। आरती के उपरांत सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।


इस अवसर पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने कहा कि बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर होलिका स्थापना का विशेष महत्व होता है और यह हमारी सनातन परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हर त्योहार हमें जीवन में सकारात्मक संदेश देता है, इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को सहेजकर रखें और आने वाली पीढ़ी तक उन्हें पहुंचाएं।


कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष रवि राघव, कोषाध्यक्ष सुशील पाल, सदस्य रमेश शर्मा, विष्णु शर्मा, सुभाष शर्मा, राजवीर सिंह, संजय ढाली, नवल मिश्रा, विजय सक्सेना सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का माहौल भक्तिमय रहा और लोगों ने एक-दूसरे को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं।