Noida Sector-11 Murder : बारात मे न्योछावर के पैसों को लेकर झगड़ा, 17 साल के श्याम की चाकू से हत्या।

✍️ योगेश राणा

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

Noida : नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-11 में बारात के दौरान लुटाए गए पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि यह घटना बृहस्पतिवार, 12 मार्च 2026 की रात की है। सेक्टर-11 के रहने वाले लकी बाथम का 17 वर्षीय बेटा श्याम अपने छोटे भाई और कुछ दोस्तों के साथ झुंडपुरा में एक बारात में गया था। बारात में ‘चढ़त’ (बारात निकलने) के दौरान नोट लुटाए (न्योछावर) जा रहे थे, जिन्हें श्याम और उसके साथियों ने मिलकर बटोरा था और बारात से वापस लौटते समय, लूटे गए पैसों के बंटवारे को लेकर श्याम का अपने ही साथियों से झगड़ा हो गया। आरोपियों ने श्याम पर आरोप लगाया कि उसने दूसरों की तुलना में अधिक पैसे अपने पास रख लिए हैं। यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने श्याम पर चाकू से हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल श्याम को अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद पुलिस ने दिखाई तत्परता!

एडीसीपी मनीष सिंह ने बताया कि सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-11 में बारात में न्योछावर के पैसे बटोरने को लेकर कुछ लड़कों के बीच विवाद हुआ। लौटते समय पैसों के बंटवारे को लेकर हुई कहासुनी में श्याम (17 वर्ष) को चाकू मार दिया गया, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 मुख्य आरोपियों (सुदामा, रौनक, आसिफ, तौसीफ, सरफराज) को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”