Bomb Threat in Noida: नोएडा के नामी स्कूल को ईमेल के जरिए बम से उड़ने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी।

✍️ योगेश राणा

नोएडा के सेक्टर-168 स्थित शिव नादर स्कूल को आज, 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बता दें कि स्कूल प्रशासन को शुक्रवार सुबह एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ,जिसके बाद हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर स्कूल को तुरंत खाली करा लिया गया और एक दिन के लिए छुट्टी घोषित कर दी गई। जो बच्चे स्कूल पहुँच चुके थे या रास्ते में थे,उन्हें स्कूल बसों के माध्यम से वापस सुरक्षित घर भेज दिया गया है।

मौके पर पुलिस अधिकारी‌ जांच में जुटी।

सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS), डॉग स्क्वाड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुँच गईं। पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है‌ और पुलिस की साइबर टीम ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने में जुटी है। शुरुआती अंदेशा है कि यह किसी की शरारत या ‘होक्स कॉल'(Hoax Call) हो सकती है, जैसा कि हाल के दिनों में अन्य स्कूलों के साथ भी हुआ है।

कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी!

मिली जानकारी के अनुसार शिव नादर स्कूल के अलावा नोएडा के कुछ अन्य स्कूलों (जैसे कैम्ब्रिज स्कूल) और अहमदाबाद के भी कुछ स्कूलों को आज इसी तरह की धमकियां मिली हैं और एहतियातन तौर पर स्कूल की प्रिंसिपल अंजू सोनी ने अभिभावकों को ईमेल और मैसेज के जरिए सूचित किया कि सुरक्षा जांच (security sweep) के कारण स्कूल आज बंद रहेगा और बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है।

आपको बता दें कि इससे पहले भी नोएडा के स्कूल को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, हालांकि सभी धमकियां फर्जी साबित हुई थीं। लेकिन गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को ध्यान में रखते हुए नोएडा पुलिस ने धमकी को गंभीरता से लिया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और स्कूल परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।