:- घाटकोपर में भूस्खलन
:- जलभराव से लोकल ट्रेन व बस सेवा भी प्रभावित
मुंबई :- मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मुंबई और उसके उपनगरों में बीती रात और आज सुबह हुई भारी बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। मुंबई में अगले कुछ दिनों में जबरदस्त बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।भारतीय मौसम विभाग ने अगले शुक्रवार तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश का असर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं और बस सेवाओं पर भी पड़ा है।
जलभराव से ट्रैफिक सेवाएं बाधित

शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव और भारी ट्रैफिक की वजह से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा रहा है। मुंबई में भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। यहां निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। कई घरों व दुकानों में भी पानी भर गया है। इस बीच मुंबई में ट्रैफिक भी बाधित हुआ है। जानकारी के मुताबिक, बस और लोकल ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई है।सायन रोड नंबर एक पर कुल 8 रूट डायवर्जन किए गए हैं।
मुंबई लोकल ट्रेनों की स्थिति की जानकारी देते हुए यात्रियों को लोकल ट्रेन के बारे में अपडेट करने के लिए, सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने कहा, ‘ट्रेन अलर्ट! सुबह 10.30 बजे.. सभी कॉरिडोर पर ट्रेनें चल रही हैं. मेन हार्बर लाइन पर कुछ ट्रेनें देरी से चल रही हैं.
एनडीआरएफ की पांच टीमें उतारी गईं

मुंबई में बारिश के कारण बुरा हाल है। सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। वहीं मौसम विभाग ने भी अपने पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया हैं। इसके बाद प्रशासन ने यहां एनडीआरएफ की पांच टीमों को उतारा है।
अंधेरी सब-वे हुआ बंद
बारिश के कारण अंधेरी सब-वे पर पानी भर गया। इस कारण यहां लोगों के वाहन फंस गए, उन्हें निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसे देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल अंधेरी सब-वे को बंद कर दिया है।
सीएम शिंदे ने की बैठक
महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुख्य सचिव मनुकुमार व अन्य अधिकारियों के साथ बारिश की स्थिति पर बैठक की। मुंबई में भारी बारिश के कारण बुरा हाल है। इसे देखते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को निगरानी व स्थिति नियंत्रित करने के निर्देश जारी किए। साथ ही उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की स्थिति पर सरकार की पूरी नजर है।
24 घंटे में 95.81 मिमी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मुंबई में पिछले 24 घंटों में 95.81 मिमी बारिश दर्ज की गई हैं। वहीं पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश 115.09 मिमी और 116.73 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भूस्खलन से गिरी इमारत
मुंबई में भारी बारिश के बाद यहाँ भूस्खलन की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, यहां के पंचशील नगर के घाटकोपर में एक इमारत गिर गई। बताया जा रहा है कि इमरात को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर फ्रायर ब्रिगेड को भेजा गया है।