Noida News : मलेरिया-डेंगू पर वार, पूरे जिले में चलेगा जागरूकता अभियान

:- नोएडा में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का भव्य शुभारंभ

Noida : गौतमबुद्ध नगर में संचारी रोगों पर लगाम लगाने के लिए आज ‘संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान’ का विधिवत आगाज़ किया गया। जिला चिकित्सालय सेक्टर-39 से एक जागरूकता रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. नरेंद्र कुमार और मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. अजय राणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें कि यह विशेष अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा और इस रैली में स्वास्थ्य विभाग के साथ नोएडा विकास प्राधिकरण और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और रैली सेक्टर-39 स्थित अस्पताल से शुरू होकर सिटी सेंटर होते हुए सेक्टर-41 पर संपन्न हुई और जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा के साथ ACMO डॉ. रविंद्र सिरोहा,डिप्टी CMO डॉ. उबैद कुरैशी और डॉ. संजीव कुमार मौजूद रहे।

क्या होगा इस अभियान में?

मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कीटनाशक छिड़काव और फॉगिंग कराई जाएगी। साथ ही ‘दस्तक अभियान’ के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार के मरीजों का सर्वे करेंगी। वे लोगों को कूलर, टंकी और अन्य पात्रों में जमा पानी को खाली करने के लिए जागरूक करेंगी ताकि मच्छर का लार्वा न पनप सके।