सेक्टर-18 में पार्किंग शुल्क देने और आधिकारिक पर्ची लेने के बावजूद एक युवती की कार गायब हो गई। आरोप है कि पार्किंग कर्मचारी ने बिना किसी सत्यापन के एक व्यक्ति को कार की चाबी सौंप दी। घटना के बाद पार्किंग संचालक और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | अगर आप नोएडा सेक्टर-18 के मार्केट में अपनी गाड़ी लेकर जा रहे हैं और उसे सरफेस पार्किंग (सड़क किनारे बनी पार्किंग) में खड़ा करने की सोच रहे हैं, तो बेहद सावधान हो जाइए। यहां पैसे देने और आधिकारिक पर्ची लेने के बाद भी आपकी गाड़ी सुरक्षित नहीं है। सेक्टर-18 के बीकानेर स्वीट्स के पास बनी सरफेस पार्किंग से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने नोएडा में पार्किंग व्यवस्था और गाड़ियों की सुरक्षा पर बहुत बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। बता दें कि एक युवती अपनी गाड़ी से सेक्टर-18 आई थी। उसने बीकानेर के पास अधिकृत सरफेस पार्किंग में अपनी गाड़ी पार्क की। वहां तैनात पार्किंग कर्मी ने युवती से गाड़ी की चाबी मांगी। युवती ने सुरक्षा के भरोसे पार्किंग कर्मी को गाड़ी की चाबी सौंपी और बदले में पार्किंग शुल्क की पर्ची ली। इसके बाद वह पास में ही अपना इंटरव्यू देने चली गई,जब युवती इंटरव्यू देकर वापस लौटी, तो उसके होश उड़ गए जगह से गाड़ी गायब थी!।युवती के मुताबिक, जब उसने पार्किंग कर्मी से अपनी गाड़ी के बारे में पूछा, तो पता चला कि कोई अज्ञात व्यक्ति आया और पार्किंग कर्मी से चाबी मांगकर गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चाबी देते समय पार्किंग कर्मी ने कोई सत्यापन (वेरिफिकेशन) तक नहीं किया। न तो पर्ची देखी गई और न ही यह जांचा गया कि चाबी ले जाने वाला व्यक्ति गाड़ी का असली मालिक है या नहीं।
MG Infra Solution की लापरवाही आई सामने!
इस पूरे मामले में पार्किंग का ठेका संभालने वाली कंपनी MG Infra Solution की भारी लापरवाही और ढुलमुल रवैया साफ तौर पर उजागर हुआ है। पैसे वसूलने के बावजूद गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर कंपनी के कर्मचारी कितने गैर-जिम्मेदार हैं, इस घटना ने साबित कर दिया है। पीड़ित युवती ने इस संबंध में स्थानीय पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है और लापरवाही बरतने वाले पार्किंग स्टाफ व कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नोएडा प्राधिकरण पर उठ रहे गंभीर सवाल!
यह कोई पहला मौका नहीं है जब सेक्टर-18 या नोएडा की पार्किंग व्यवस्था पर उंगलियां उठी हैं। इससे पहले भी सेक्टर-18 में चल रहे पार्किंग घोटालों और नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाने वाले ठेकेदारों का पर्दाफाश हुआ है।जनता अब सीधे तौर पर नोएडा प्राधिकरण से यह तीखा सवाल पूछ रही है।लगातार आ रही शिकायतों और लापरवाही के बड़े आरोपों के बावजूद प्राधिकरण MG Infra Solution जैसी कंपनियों पर ठोस एक्शन कब लेगा?।क्या नोएडा की पार्किंग सिर्फ जनता से अवैध या मनमाना शुल्क वसूलने का जरिया बनकर रह गई है?।जब आधिकारिक तौर पर पर्ची काटने के बाद भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता अपनी गाड़ियां किसके भरोसे छोड़े?।पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस घटना ने सेक्टर-18 आने वाले हजारों वाहन मालिकों के मन में डर पैदा कर दिया है।
न्यूज़ डायरी टुडे से फोन पर बातचीत में पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच टीम वाहन के गायब होने से जुड़े हर संभावित एंगल की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।