✍️ योगेश राणा
न्यूज़ डायरी,नोएडा।
नोएडा में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, राजपूत करणी सेना सहित कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और आम नागरिक इस प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश का पुतला फूंका और जमकर बांग्लादेश विरोधी नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बांग्लादेश में लगातार हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिपदास के साथ जो हुआ, वह किसी से छिपा नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक समुदाय विशेष द्वारा जानबूझकर हिंदुओं के घरों को निशाना बनाया जा रहा है और निर्ममता से उनकी हत्याएं की जा रही हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदू संगठनों ने भारत सरकार को 10 जनवरी तक का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो 10 जनवरी को बांग्लादेश दूतावास पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत सरकार द्वारा बांग्लादेश के खिलाफ उठाए जाने वाले किसी भी कदम का वे पूर्ण समर्थन करेंगे।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि इस मुद्दे पर सभी हिंदूवादी संगठन एकजुट हैं और बांग्लादेश में हिंदुओं के घरों को निशाना बनाया जाना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। यह प्रदर्शन नोएडा स्टेडियम से शुरू होकर सेक्टर-27 स्थित जिलाधिकारी कार्यालय तक शांतिपूर्ण तरीके से निकाला गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।